बिनौली। सड़क हादसे में घायल विकास निवासी आरिफपुर खेड़ी की हालत बिगड़ने पर मेरठ लेकर जा रही एंबुलेंस और कार में भिड़ंत हो गई। हादसे में घायल विकास, उसकी पत्नी सुनीता, बेटी तनिष्का, भाई संजय और एंबुलेंस चालक परवेज घायल हो गए। घायलों का सीएचसी में उपचार कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आरिफपुर खेड़ी गांव निवासी संजय ने बताया कि चार दिन पहले गांव में बाइक फिसलने से उसका भाई विकास घायल हो गया था, जिसका निजी अस्पताल में उपचार कराया जा रहा था। शुक्रवार रात में हालत बिगड़ने पर बिगड़ने पर चिकित्सकों ने विकास को उच्च केंद्र मेरठ रेफर कर दिया। एंबुलेंस से विकास को मेरठ ले जाने लगे, तभी बरनावा गांव के डेरा सच्चा सौदा आश्रम के पास पहुंचे तो सामने से आ रही कार के साथ भिड़ंत हो गई। सीओ सुकन्या शर्मा का कहना है कि घायलों का उपचार चल रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।