बागपत। बंदपुर गांव में साधु बनकर आए युवकों ने बुजुर्ग महिला कांति देवी को तंत्र-मंत्र से सोने-चांदी के जेवर दोगुने करने का झांसा दिया। इसके बाद दो हजार रुपये और सोने-चांदी के जेवर ठगकर ले गए।
बंदपुर गांव निवासी कांति देवी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर साधु के वेश में दो युवक उसके घर पहुंचे और पानी मांगने लगे। इसके बाद दोनों युवकों ने उससे बातचीत शुरू की और तंत्र-मंत्र से सोने-चांदी के जेवर दोगुने करने का झांसा दिया। दोनों युवकों की बातों में आकर कांति देवी घर में रखे सोने-चांदी के जेवर निकालकर ले आई। उसके बाद दो हजार रुपये की मांग की गई तो उसने रुपये दे दिए। उसके जेवर और रुपये दोनों युवकों ने अपने बैग में रख लिए और बैग से कुछ जेवर निकालकर सोने-चांदी के बताकर उसे देकर चले गए। परिजनों के घर वापस आने पर जेवर दिखाए तो वे नकली निकले। इसमें जांच अधिकारी ब्रजेश कुमार का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है, जल्द ही ठगों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।