बिनौली। दिल्ली सहारनपुर नेशनल हाईवे पर 20 जनवरी को ट्रक की टक्कर लगने से घायल हुए 11वीं के छात्र अभिषेक कश्यप (18) निवासी फजलपुर सुंदरनगर की दिल्ली के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्र के पिता जयवीर ने बृहस्पतिवार को बड़ौत कोतवाली में ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
फजलपुर सुंदरनगर गांव के जयवीर कश्यप का इकलौता बेटा अभिषेक कश्यप 11वीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे। 20 जनवरी को अपने तहेरे भाई मोनू कश्यप के साथ बागपत से वापस लौट रहे थे। नेशनल हाईवे पर शाहपुर बड़ौली गांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और ट्रक का पहिया अभिषेक के पैरों के ऊपर से उतर गया। घायल अभिषेक को बड़ौत के निजी अस्पताल से दिल्ली रेफर कर दिया गया। दो दिन उपचार के बाद अभिषेक की मौत हो गई। उनके परिवार में पिता जयवीर, मां सविता और बड़ी बहन नेहा है। इसमें जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।