दोघट। टीकरी कस्बे में शुक्रवार की सुबह जमीन के विवाद को लेकर चचेरे भाइयों ने हिस्ट्रीशीटर शुभम पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोप है कि उस पर फायरिंग भी की गई। इसमें वह बाल-बाल बच गया, जबकि उसके साथी विनोद ने वहां से भागकर जान बचाई।
टीकरी कस्बे की पट्टी भोजा निवासी शुभम शुक्रवार की सुबह मजदूर विनोद के साथ खेत से गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर क्रय केंद्र पर जा रहा था। जैसे ही खेत से बाहर निकला तो उसके चचेरे भाई और दो अज्ञात युवक लाठी-डंडे लेकर गन्ने के खेत से बाहर निकले और दोनों पर हमला कर दिया। तभी विनोद वहां से भाग गया और घायल शुभम ने भी विरोध करते हुए भागने का प्रयास किया। शुभम ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने तमंचे से उस पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल-बाल बच गया।
वहां आए परिवार वालों ने टीकरी सीएचसी में घायल शुभम का उपचार कराया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस दौरान सीएचसी में हंगामा भी हुआ, जहां घायल के परिजनों ने चिकित्सक से अभद्रता भी की। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इस मामले में जांच अधिकारी सूर्यदीप सिंह का कहना है कि शुभम हिस्ट्रीशीटर है और उसका भाई सुबोध जिला बदर है। दोनों पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
चिकित्सक ने लगाया अभद्रता करने का आरोप
टीकरी कस्बे की सीएचसी पर हिस्ट्रीशीटर शुभम के परिजनों द्वारा चिकित्सक व स्टाफ से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. संतोष कुमार ने सीएमओ डॉक्टर तीर्थ लाल व बिनौली सीएचसी अधीक्षक डाक्टर अमित गुप्ता से शिकायत करके सीएचसी पर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है। इस मौके पर फार्मासिस्ट राजीव शर्मा, विशाल आदि मौजूद रहे।