खेकड़ा (बागपत)। कस्बे के मोहल्ला रामपुर में किराये पर रहने वाले हरिओम (38) निवासी अमराला जिला गाजियाबाद का शव मंगलवार सुबह रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। उसके परिजनों ने हत्या कर शव ट्रैक पर फेंकने का आरोप लगाकर मां-बेटी समेत तीन के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले शव लेकर चले गए।
गाजियाबाद जिले के अमराला गांव निवासी ओमेंद्र ने बताया कि उसका भाई हरिओम खेकड़ा कस्बे के मोहल्ला रामपुर की शाह गार्डन कॉलोनी में किराये के मकान में एक महिला के साथ लिव इन में रहता था। हरिओम शादी विवाह में डेकोरेशन करने के साथ ही एक कंपनी में मजदूरी करता था। मंगलवार की सुबह पुलिस ने हरिओम की ट्रेन से कटकर मौत होने की जानकारी दी। वह अपने परिवार वालों के साथ पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा।
ओमेंद्र ने बताया कि उसका भाई हरिओम खेकड़ा में एक महिला के साथ लिव इन में रहता था। आरोप लगाया कि उस महिला, उसकी बेटी व एक अन्य व्यक्ति ने हरिओम की हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के आगे फेंक दिया। उसने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कई बिंदुओं पर घटना की जांच शुरू कर दी। उधर, हरिओम के साथ रहने वाली महिला ने बताया कि हरिओम सोमवार रात मजदूरी करने के लिए घर से गए थे। सीओ रोहन चौरसिया के अनुसार जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। मकान के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।