बागपत। शहर के टेलीफोन एक्सचेंज मार्ग पर शुक्रवार को लगने वाली साप्ताहिक पैठ में ज्यादा वसूली का विरोध करने पर दुकानदार अनिल निवासी काठा और उसके बेटे वंश की पिटाई कर घायल कर दिया गया। घायल दुकानदार ने ठेकेदार के बेटे समेत अन्य युवकों पर आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
काठा गांव निवासी अनिल कुमार ने बताया कि कई साल से वह साप्ताहिक पैठ में महिलाओं के सौंदर्य प्रसाधन की दुकान करता है और नगर पालिका से छोड़े गए ठेके की पर्ची भी कटवाता है। आरोप लगाया कि शुक्रवार को साप्ताहिक पैठ में अपने बेटे वंश के साथ दुकान पर बैठा हुआ था, तभी ठेकेदार का बेटा अपने साथियों के साथ वहां आकर वसूली करने लगा।
आरोप लगाया कि उससे 600 रुपये मांगे गए, जबकि नगर पालिका से छोड़े गए ठेके के हिसाब से 300 रुपये देने को वह तैयार हो गया। आरोप लगाया कि ठेकेदार के बेटे ने उसके साथ गाली-गलौज कर सामान उठाकर सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया और विरोध करने पर दोनों की पिटाई कर दी। इस मामले में पुलिस का कहना है कि शिकायत की जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।