बागपत। सरूरपुरकलां गांव में पड़ोसियों ने कृष्णपाल के मकान के बाहर तंत्र क्रिया करते हुए मटकी रख दी और उसके नीचे लिखे पर्चे में मंत्रों के साथ एक युवक का नाम भी लिखा गया। कृष्णपाल ने पड़ोसी पर आरोप लगाकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की।
सरूरपुरकलां गांव निवासी कृष्णपाल ने बताया कि पड़ोस का एक परिवार पिछले तीन महीने से रोजाना रात के समय तंत्र क्रिया करता रहता है। परिवार के लोग तंत्र क्रिया करके सामान कभी गली के तिराहे, चौराहे या फिर किसी के घर के बाहर रख देते हैं। इसके लिए पड़ोसी को मना भी किया लेकिन वह नहीं माने। शनिवार रात तंत्र क्रिया की मटकी में हल्दी समेत अन्य सामान डालकर उसके घर के बाहर रख दिया। उसके नीचे रखे पर्चे में उसके बेटे का नाम लिखा हुआ था। उसने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।