बागपत। सिरसली गांव के प्रधान धर्मेंद्र तोमर के हत्यारोपी हिस्ट्रीशीटर आयुष तोमर को न्यायालय के आदेश पर बुधवार की सुबह हरिद्वार जेल से 36 घंटे के रिमांड पर लाया जाएगा। इसके लिए देर रात पुलिसकर्मियों की टीम हरिद्वार रवाना हो गई। हिस्ट्रीशीटर से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल समेत अन्य बिंदुओं पर पूछताछ की जाएगी।
सिरसली गांव के प्रधान धर्मेंद्र तोमर उर्फ धर्मा की 14 मई की शाम गांव के ही टेंपों स्टैंड पर गोलियों से हत्या कर दी गई थी। इसमें सिरसली गांव के सेवानिवृत्त दरोगा तेजवीर सिंह का बेटा विनीत भी गोली लगने से घायल हो गया था। मृतक प्रधान के भाई गजेंद्र तोमर ने बिनौली थाने में हिस्ट्रीशीटर आयुष तोमर, उसके भाई हिस्ट्रीशीटर अर्जुन तोमर, दादा निर्भय सिंह और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस की जांच में हत्या में शामिल नवनीत निवासी हर्रे बिरमपुर जिला बिजनौर का नाम भी प्रकाश में आया। पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जबकि हिस्ट्रीशीटर आयुष तोमर ने हरिद्वार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। वहां पर तमंचा बरामदगी के मुकदमे में आयुष को छह माह की सजा सुनाई गई। पुलिस ने बताया कि न्यायालय से अनुमति मिलने पर बुधवार की सुबह 36 घंटे के रिमांड पर लेकर हिस्ट्रीशीटर से पूछताछ की जाएगी।