बड़ौत। लुहारी गांव में प्रेमी अंकित से शादी की जिद पर शिवानी की हत्या में फरार आरोपी भाई रवि को सोमवार रात को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इस प्रकरण में मृतका के माता-पिता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
लुहारी गांव निवासी अंकित प्रजापति का पड़ोस की शिवानी कश्यप के साथ उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था और दोनों पिछले डेढ़ साल से शादी करना चाहते थे। इसका पता चलने पर परिजनों ने शिवनी की पिटाई की, लेकिन वह शादी की जिद पर अड़ी रही। इससे क्षुब्ध परिजनों ने शिवानी की हत्या कर दी और यमुना किनारे शव जलाकर राख यमुना में बहा दी। पुलिस ने मृतका के पिता संजीव उर्फ संजू और मां बबीता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। सीओ विजय कुमार ने बताया कि फरार हत्यारोपी रवि को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।