बागपत। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की जिलाध्यक्ष प्रतिमा और उनके पति देवदत्त ने जमीन के विवाद में समझौता नहीं करने पर पुलिस कर्मियों पर खेकड़ा थाने में बुलाकर उत्पीड़न करने का आरोप लगाया। उनको मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। इसमें शिकायत मिलने पर एसपी सूरज कुमार राय ने सीओ खेकड़ा को पूरे प्रकरण की जांच सौंप दी।
लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की जिलाध्यक्ष प्रतिमा ने बताया कि दो जुलाई को उनके पति देवदत्त के पास खेकड़ा थाने से फोन किया गया और उनको थाने में बुलाया गया। आरोप लगाया कि वह अपने पति के साथ थाने पहुंचीं तो वहां पर पुलिस कर्मियों ने जमीन के एक मामले में समझौता करने का दबाव बनाया। उनके पति ने उस जमीन को अपनी नहीं बताते हुए उसमें केवल गवाह होने की बात कही। यह भी कहा कि समझौते के लिए जिम्मेदार लोगों से बात करनी होगी। पुलिस ने थाने में उनकी सुनवाई नहीं की और अभद्रता करते हुए उत्पीड़न किया गया। साथ ही दस दिन में समझौता नहीं करने पर मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने वीडियो बनाने का प्रयास किया तो मोबाइल छीन लिया गया। प्रतिमा ने कहा कि पूरी घटना थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में है, जिसकी जांच कराने पर सच्चाई का पता चल जाएगा। उन्होंने एसपी से पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
वर्जन-
महिला ने शिकायत में जो भी आरोप लगाए गए हैं, उसकी जांच सीओ खेकड़ा को सौंप दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-सूरज कुमार राय, एसपी