बागपत। तीन लाख 90 हजार रुपये के जाली नोट के साथ हापुड़ जिले के पिलखुवा में गिरफ्तार किया गया रेलवे कर्मी गजेंद्र यादव जल्द करोड़पति बनना चाहता था। इसके लिए ड्यूटी पर तैनाती के दौरान वह सोशल मीडिया पर रील भी बनाता रहता था। उसने फेसबुक पर 19 हजार फॉलोअर जोड़ रखे थे।
मूल रूप से बुलंदशहर जिले के जीवन गीत गजौरी निवासी रेलवे कर्मी गजेंद्र यादव का परिवार लंबे समय से शहर के कोर्ट रोड पर स्थित आदर्श कॉलोनी में रहता है। उसके पिता पुलिस से सेवानिवृत्त हैं और एक भाई भी पुलिस में तैनात है। हापुड़ में जाली नोटों की गिरफ्तारी का पता चलते ही उसके करीबी हैरान रह गए। गजेंद्र के करीबियों ने बताया कि जब वह बागपत आता तो रुपये कमाने की बात करता था, लेकिन कभी रुपये कमाने के तरीके का जिक्र नहीं किया। उन्होंने बताया कि गजेंद्र रेलवे में नौकरी के साथ दूसरी कंपनियों में भी निवेश करता रहता था।