कांधला। कस्बे के मुख्य बाजार में सोमवार दोपहर रेडीमेड गारमेंट की दुकान से 25 हजार रुपये की चोरी कर लिए गए।
अज्ञात युवक दुकान में घुसा और गल्ले से नकदी निकालकर भाग गया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
पीड़ित दुकानदार मोनू सैनी ने बताया कि घटना के समय वह बाजार में मौजूद नहीं थे। इसी दौरान एक युवक दुकान में घुसा और गल्ले में रखे 25 हजार रुपये निकालकर भाग गया। जब वह लौटे तो चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
घटना की सूचना मिलते ही व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल समेत अन्य व्यापारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी उठाई है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।