कैराना। हरियाणा निवासी महिला के साथ कैराना के एक गांव में छेड़छाड़ और दुराचार के प्रयास के मामले में हरियाणा के गन्नौर थाने में आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली। बाद में हरियाणा पुलिस ने मुकदमे को कैराना कोतवाली में ट्रांसफर कर दिया।
हरियाणा के जनपद सोनीपत के थाना गन्नौर में एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी ससुराल कैराना क्षेत्र के एक गांव में है। दो अगस्त सुबह 9 बजे वह अपनी ससुराल गई थी। कुछ देर बाद उसे अकेला पाकर आजम उसके कमरे में आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। उसने विरोध करते हुए वहां से बाहर जाने का प्रयास किया तो आरोपी ने उसे पकड़ लिया तथा जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान आरोपी ने उसके कपड़े फाड़ दिए। उसके द्वारा शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया। कुछ देर बाद उसने अपने पति को घटना के बारे में बताया तो उसके पति और आजम ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। मामले में गन्नौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद मुकदमे को कैराना कोतवाली में ट्रांसफर कर दिया। कैराना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।