बिनौली (बागपत)। दिल्ली से चोरी की स्कूटी पर युवती के साथ हरिद्वार जा रहे समीर (22) की कान्हड़ में बिजली के खंभे से टकराकर मौत हो गई। साथ जा रही युवती रचना के बार-बार बयान बदलने के कारण पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दिल्ली के जड़ौदा कलां निवासी समीर और बुराड़ी निवासी रचना स्कूटी पर सवार होकर हरिद्वार घूमने जा रहे थे। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर कान्हड़ बिजलीघर के पास उनकी स्कूटी खंभे से टकरा गई। समीर और रचना सड़क पर गिर गए। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में समीर को मृत घोषित कर दिया। घायल रचना ने बताया कि समीर उसका दोस्त था।
घटना की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन भी वहां पहुंच गए। उन्होंने बताया कि समीर घर से तीन दिन से लापता था।
000
युवती ने भागने का प्रयास किया
खंभे से स्कूटी टकराने के बाद घायल युवती रचना से सीएचसी में पुलिस ने पूछताछ की तो उसने बार-बार अपना बयान बदला। स्वास्थ्य कर्मियों के साथ अभद्रता करते हुए भागने का भी कोशिश की। स्वास्थ्य कर्मियों ने किसी तरह उसे पकड़ा। पुलिस प्राथमिक तौर मामला हादसे का मान रही है लेकिन संदिग्ध हालात मानकर जांच भी कर रही है।