शामली। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को मशीन से लेकर अन्य उपकरण दिलाने के नाम पर वसूली करने वाले वाले गिरोह में महिलाओं के साथ-साथ दो पुरुष भी शामिल हैं। सिलाई और वाशिंग मशीन ही नहीं, मोटर और अन्य उपकरण दिलाने के नाम पर भी महिलाओं से 1200-1200 रुपये की वसूली की गई। जिन दलालों को पीड़ितों ने रुपये दिए, उनसे संवाददाता ने फोन पर बातचीत की। पेश है बातचीत के प्रमुख अंश...
केस-1
संवाददाता: मैं कुड़ाना से बोल रहा हूं, हमें भी मशीन दिलवा दो, 1200 रुपयों की मांग की गई थी
महिला : कौन बोल रहे हो
संवाददाता : सुनील बोल रहा हूं
महिला : नवीन और निखिल को ही रुपये दिए गए हैं, उन्हीं से बात कर मशीन दिलवा दी जाएगी, मैंने सिर्फ संपर्क किया था
संवाददाता : ओके
...
केस-2
रिकॉर्डिंग में महिला दलाल ने रुपये लेने की बात की स्वीकार, कुड़ाना की महिला सोनिया और महिला दलाल के बीच बातचीत के प्रमुख अंश
महिला फोन कॉल पर : क्या हाल है
सोनिया : मैं ठीक हूं, 1200 रुपये देने के बाद भी मशीन नहीं मिली है, कब दिलाओगी
महिला : केंद्र पर चलेंगे, वहीं बताएंगे
सोनिया : मैंने सुना है कि मशीनें निशुल्क मिलती हैं, मगर तुमने तो कई महिलाओं से रुपये लिए हुए हैं
महिला दलाल : सुना तो मैंने भी यही है, खुद को विभाग के कर्मचारी बताने वाले निखिल और नवीन के पास ही रुपये गए हैं। उन्हींं से वापस दिलाऊंगी
सोनिया : हमने रुपये तुम्हें दिए हैं, तुमसे ही वापस लेंगे
महिला : मेरे साथ कंडेला कार्यालय चल देना, रुपये दिला दिए जाएंगे।
..........
केस-3
कुड़ाना के सुनील ने बताया कि विश्वकर्मा योजना में मोटर और उपकरण दिलाने के नाम पर पहले तो 400-400 रुपये लिए गए। अब वाशिंग मशीन के नाम के 1200 रुपये मांगे जा रहे हैं। साथ ही पांच लाख तक का लोन दिलाने के एक हजार रुपये मांगे गए हैं। मामले की शिकायत अधिकारियों से करूंगा।
केस-4
उस दलाल से बातचीत, जिसे युवक को महिला दलाल रुपये देने की बात कह रहीं
संवाददाता : भाई, सिलाई मशीन के लिए आवेदन किया था, रुपये दे दिए, अभी तक मशीन नहीं मिली
युवक : मुझे जानकारी नहीं है, मैं किसी महिला को नहीं जानता हूं
संवाददाता : लोगों को लूटना बंद कर दो, यह गलत है, कई महिलाओं से इसी तरह रुपये लिए गए हैं।
इन महिलाओं ने भी लगाया रुपये लेने का आरोप
सोनिया, सुनीता, इमराना, पिंकी, अनिता, सुजनी व विद्या आदि से भी विभिन्न उपकरण दिलाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया है। महिलाओं का कहना है कि अब जिन्होंने रुपये लिए थे, वे रुपये वापस करने के लिए संपर्क कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत पर लोगों से वसूली करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। लोगों को भी जानकारी दी जा रही है कि वे किसी भी दलाल या फिर बिचौलिये के बहकावे में न आएं। सीधे जिला उद्योग केंद्र में संपर्क कर योजना का लाभ लें।
-जैसमीन फौजदार, उपायुक्त उद्योग
....
आखिर कौन हैं पुरुष दलाल, जो कर रहे वसूली
विभागीय अधिकारियों ने जांच शुरू करा दी है कि महिला और पुरुष दलाल कौन हैं, जो लोगों से विभिन्न उपकरण दिलाने के नाम पर वसूली कर रहे हैं। आखिर कब से ये वसूली कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों की जांच में ही यह स्पष्ट हो सकेगा।
400 को दिया जाना है योजना का लाभ
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत उन महिलाओं को लाभ दिया जा रहा है, जो सिलाई-कढ़ाई या फिर अन्य काम जाती हैं, लेकिन मशीन न होने से रोजगार नहीं शुरू कर पा रहीं। जिले में अब 400 को योजना के तहत लाभ दिया जाना है।