कोरोना का खतरा बरकरार, अब डेंगू ने डाला डेरा
बड़ौत। कोरोना काल में डेंगू के खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में जरा सी असावधानी मुसीबत बन सकती है। इसलिए हर व्यक्ति को सतर्कता बरतनी चाहिए। ताकि खुद को बुखार की चपेट में आने से बच सके। वैसे भी डेंगू पीड़ितों को कोरोना का खतरा अधिक हो जाता है, क्योंकि डेंगू होने से रोग प्रतिरोधक क्षमता घट जाती है। प्रतिरोधक क्षमता घटते ही कोरोना होने की आशंका ज्यादा रहती है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार ने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। डेंगू का खतरा भी बढ़ रहा है। इस स्थिति में सभी के लिए जरूरी है मास्क का इस्तेमाल करें। अपने हाथ बार-बार धोए और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। जरा सी चूक आपके स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकता है।
यह बरतें सावधानी
1-जिन बर्तनों में पानी रखा जाता है उन पर हमेशा ढक्कन लगाकर रखें। कूलर में पानी जमा न होने दें, उसकी नियमित सफाई करें।
2-वॉश बेसिन, सिंक, नालियां जहां भी धुलाई-सफाई का काम होता है वे जगहें साफ रखें।
3-कई दिनों तक किसी भी बर्तन में पानी भरकर न रखें। हफ्ते भर में उसे जरूर बदलें।
4-खराब हो चुकी वस्तुओं जैसे टायर, नारियल के खोल, बोतलें आदि को फेंक दें या नष्ट कर दें।
5-छत, छज्जे आदि पर बरसात का पानी जमा न होने दें।
6-मच्छर मारने की दवाओं का प्रयोग करें।
7- डेंगू फैलाने वाला मच्छर दिन के वक्त काटते हैं। इसलिए नमी वाली जगहों से परहेज करें। ऐसे वस्त्र पहने जिससे पूरा शरीर ढका रहे।