- जिले दो कोविड अस्पतालों में रोजाना हो रही 30 सिलिंडर की खपत
बागपत। कोरोना के नए स्ट्रेन ने ऑक्सीजन की खपत छह गुना बढ़ा दी है। दो एल-टू अस्पतालों में प्रतिदिन 30 सिलिंडर की खपत हो रही है। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सीएचसी पर दो-दो अतिरिक्त सिलिंडर की व्यवस्था कराई है। कोरोना का नया स्ट्रेन फेफड़ों को प्रभावित कर रहा है। जिससे मरीज का ऑक्सीजन स्तर कम हो रहा है।
मरीज के हिसाब से होती है ऑक्सीजन की खपत
कोविड एल-टू अस्पताल के प्रभारी डॉ. ताहिर ने बताया कि कोरोना का नया स्ट्रेन फेफड़ों को ज्यादा नुकसान कर रहा है। गंभीर मरीजों को अधिक ऑक्सीजन और सामान्य मरीजों को ऑक्सीजन कम आवश्यकता पड़ती है। अस्पताल में ऑक्सीजन की किल्लत नहीं है।
एल-टू अस्पतालों में मरीजों की स्थिति
जिले में खेकड़ा व सरूरपुर में 75-75 बेड के दो कोविड अस्पताल हैं। खेकड़ा के एल-टू अस्पताल में 35 मरीज हैं, इनमें से 14 मरीज ऑक्सीजन पर हैं। सरूरपुर कलां के एल-टू अस्पताल में 61 मरीज हैं, इनमें से 15 मरीजों को ऑक्सीजन लगी हुई है।
वर्जन -
जिले में सिसाना और मुजफ्फरनगर से ऑक्सीजन की आपूर्ति है। एल-टू अस्पतालों के अलावा जिला अस्पताल में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन है। संक्रमण के बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए सभी सीएचसी पर दो-दो सिलिंडरों की अतिरिक्त व्यवस्था कराई गई है। - सीएमओ डॉ. आरके टंडन।