बागपत। मूल्यांकन कार्य शुरू हो चुका है, मगर अभी तक समाजशास्त्र, संस्कृत व सामान्य हिंदी की कॉपियां नहीं पहुंची हैं। ऐसे में परीक्षक कॉपियों का इंतजार कर रहे हैं। दूसरे दिन खेकड़ा के गांधी इंटर कॉलेज में 68 व बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में 104 परीक्षक अनुपस्थित रहे। इनका वेतन रोकने के साथ ही विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
जिले के खेकड़ा के गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज में हाईस्कूल व बागपत के श्री यमुना इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का मूल्यांकन कार्य चल रहा है। दोनों केंद्रों पर आजमगढ़ व चंदौली से कॉपियां पहुंच रही हैं। खेकड़ा में एक लाख 18 हजार व श्री यमुना इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट की 75 हजार कॉपियों का मूल्यांकन होना है।
दूसरे दिन खेकड़ा में मूल्यांकन करने के लिए 641 में से 584 परीक्षक व 67 में 56 उप प्रधान परीक्षक पहुंचे। यहां 57 परीक्षक व 11 उप प्रधान परीक्षक अनुपस्थित रहे। बागपत में 298 में से 194 परीक्षक पहुंचे और 104 अनुपस्थित रहे।
इन सभी को डीआईओएस धर्मेंद्र कुमार सक्सेना ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है और वेतन रोक दिया गया है। चेतावनी दी कि यदि जवाब नहीं दिया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
दूसरे दिन केंद्रों पर हाईस्कूल की 5327 और इंटरमीडिएट की 7013 कॉपियों का मूल्यांकन हुआ है।