बागपत। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर घमासान शुरू हो गया है। रालोद नेताओं ने डीएम से मिलकर कहा कि भाजपा दबाव की राजनीति कर रही है। आरोप लगाया कि विधायक योगश धामा के इशारे पर पुलिस-प्रशासन रालोद के दो जिला पंचायत सदस्यों को परेशान कर रहा है। उन पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने का दबाव बना रहा है। यदि ऐसा ही रहा तो रालोद महापंचायत बुलाएगी।
डीएम से मिलने पहुंचे रालोद के राष्ट्रीय सचिव कुलदीप उज्ज्वल ने कहा कि भाजपा विधायक योगश धामा के इशारे पर रालोद के जिला पंचायत सदस्यों को परेशान किया जा रहा है। वार्ड तीन के प्रत्याशी महबूब अल्वी को थाने में घंटों बैठाया गया। उन पर भाजपा प्रत्याशी को वोट देने का दबाव बनाया गया। वार्ड-17 के जिला पंचायत सदस्य को घर ध्वस्त करने की भी धमकी दी जा रही है। एक सदस्य के राशन डीलर रिश्तेदार को लाइसेंस निरस्त कराने का डर दिखाया जा रहा है। रालोद जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह तेवतिया ने कहा कि यदि हमारे सदस्यों को डराया-धमकाया गया तो रालोद किसान-मजदूरों और युवाओं की महापंचायत बुलाएगी। जिसका जिम्मेदार पुलिस-प्रशासन होगा। दबाव की राजनीति को हरगिज बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, डीएम राजकमल यादव ने मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर पूर्व विधायक वीरपाल राठी, प्रवेंद्र तोमर, फखरूद्दीन, जयकिशोर आदि मौजूद रहे।
बौखलाहट में गलत आरोप लगाए
मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। खुद को चुनाव हारते देख रालोद नेता बौखलाहट में गलत आरोप लगा रहे हैं। किसी ने शिकायत की है तो पुलिस-प्रशासन जांच करेगा। इसमें मेरी कोई भूमिका नहीं है।- योगश धामा, विधायक बागपत