दो पक्ष अपने-अपने धर्म के हिसाब से करना चाहते थे अंतिम संस्कार
पुलिस ने सुलझाया विवाद, सुपुर्द ए खाक किया गया शव
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। कस्बे की मंगलामुखी के अंतिम संस्कार को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। मृतक मंगलमुखी के पास रहने वाले राम लखन वर्मा और दूसरे स्थानों से आए मंगलामुखी अपने-अपने धर्म के हिसाब से अंतिम संस्कार कराना चाहते थे। बाद में आपसी सहमति के आधार पर मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार शव को सुपुर्द ए खाक किया गया।
रेलवे स्टेशन पर रहने वाली मंगलामुखी विमला (90) का सोमवार सुबह निधन हो गया था। उसके पास रहने वाले राम लखन वर्मा ने बताया कि विमला कई दिनों से बीमार चल रही थी। मंगलामुखी के निधन पर खेकड़ा, बागपत व सोनीपत सहित कई स्थानों के मंगलामुखी टटीरी पहुंचे। राम लखन वर्मा का कहना था कि विमला ने मरने से पूर्व उसका अंतिम संस्कार हिंदू रीति रिवाज के साथ करने के लिए कहा था, जबकि सोनीपत से आई मंगलामुखी काजल व खेकड़ा से आई रेशमा मलिक का कहना था कि मंगलामुखी को दफनाया जाता है। विमला का अंतिम संस्कार को लेकर राम लखन वर्मा व अन्य मंगलामुखी के बीच विवाद हो गया। सूचना पर मौके पर चौकी प्रभारी पहुंच गए। बाद में मंगलामुखी का शव दफनाया गया। चौकी प्रभारी हरीश चंद त्यागी ने बताया कि दोनों पक्षों में सहमति बन गई।