बागपत के बड़ौत के बावली रोड स्थित कासिम उलूम मदरसे के पीछे करोड़ों रुपये की खाली पड़ी जमीन का विवाद थम नहीं रहा है। शुक्रवार को जमीन पर निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया। इससे दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। पुलिस ने मौके पर यथा स्थिति के निर्देश दिए।
कासिम उलूम मदरसे के पीछे 1050 गज जमीन खाली पड़ी है। इस पर ताहिर अपना मालिकाना हक जताता है। कहना है कि उसने यह जमीन कब्रिस्तान के लिए छोड़ी हुई है। वहीं मदरसा संचालक भी इस जमीन पर अपना हक बताते है। कहना है कि यह मदरसे की जमीन है। इसे लेकर लंबे समय से दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है।
हाल में ताहिर ने इस जमीन पर निर्माण शुरू कराया था। इसे लेकर आठ दिन पूर्व दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी और पुलिस ने कार्य रुकवा दिया था। समाधान दिवस में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। इसके बाद ताहिर ने फिर से इस जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। बृहस्पतिवार को फिर से दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई थी तो पुलिस ने कार्य रुकवा दिया था।
शुक्रवार को मदरसा संचालकों ने निर्माणाधीन दीवार गिरा दी। इससे दोनों पक्षों में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को यथा स्थिति रखने दिए। साथ ही दोनों पक्षों को कागजात के साथ कोतवाली बुलाया है।