विभिन्न मांगों को लेकर रमाला मिल में धरना देते संविदा कर्मी । संवाद
रमाला। रमाला मिल में बुधवार को संविदा कर्मियों ने सेवा समाप्त करने के विरोध में धरना दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मिल प्रशासन ने कर्मियों की सेवा समाप्त करने का निर्णय वापस नहीं लिया तो अन्य कर्मियों को साथ लेकर कार्य बहिष्कार किया जाएगा। बाद में प्रधान प्रबंधक गोविंद मौर्य ने दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
मिल के कर्मचारी सचिन, विकास, कपिल, विनीत, विपिन आदि ने बताया कि पिछले 15 साल से कार्य कर रहे हैं और ईमानदारी के साथ जो भी कार्य मिलता है उसको पूरा किया जाता है। कार्य करने में कोई लापरवाही नहीं बरती गई। इसके बाद भी कर्मचारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अब मिल से कर्मचारियों को हटाया जा रहा है, जिससे उनके सामने समस्या आ जाएगी। इसके विरोध में उन्होंने मिल प्रशासन के खिलाफ धरना दिया और अन्य कर्मियों को साथ लेकर कार्य बहिष्कार करने की चेतावनी दी।
धरना स्थल पर पहुंचे प्रधान प्रबंधक गोविंद मौर्य ने कर्मचारियों से वार्ता की और दो दिन में समस्या के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त किया। इस दौरान प्रवीत, सुनील, मुकेश, पंकज, रोहित आदि मौजूद रहे।