अमीनगर सराय। महीने में चार दिन का वेतन और पीएफ दिलाने की मांग को लेकर ऊर्जा निगम के संविदाकर्मियों ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। साथ ही मांग पूरी नहीं होने पर कार्य बहिष्कार कर अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की चेतावनी दी।
निविदा संविदा कर्मचारी समिति के कोषाध्यक्ष संदीप कुमार ने बताया कि संविदाकर्मियों को महीने में 26 दिन का वेतन दिया जा रहा है, जबकि चार दिन के वेतन की कटौती हो रही है। अगस्त महीने में पीएफ भी खाते में नहीं भेजा गया। इसके अलावा अन्य सुविधाएं भी संविदाकर्मियों को नहीं मिल रहीं। उपखंड अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि 15 जनवरी तक मांगे पूरी नहीं होने पर कार्य बहिष्कार किया जाएगा। इसके बाद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। इस मौके पर हरमीत, अमित, दिनेश, बाबू समेत अन्य मौजूद रहे।