बड़ौत। नगर की गैस एजेंसियों पर शनिवार को ई-केवाईसी व बुकिंग कराने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ रही। वहीं घरेलू गैस सिलिंडर लेने के लिए एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही।
गैस उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराना अनिवार्य कर दिया गया है, जिसके बिना गैस बुकिंग नहीं होगी। इसमें उपभोक्ता का आधार कार्ड, रजिस्टड मोबाइल नंबर लिंक होना जरूरी है। बुकिंग के चलते पोर्टल पर लोड बढ़ने के कारण ई-केवाईसी होनी भी मुश्किल हो रही है। नगर की सभी गैस एजेंसियों पर ई-केवाईसी कराने के अलावा गैस बुकिंग कराने के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी और शाम तक यही हाल रहा। वहीं एचपी गैस एजेंसियों पर सिलिंडर लेने लिए भी उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। उपभोक्ताओं को एक राहत और भी दी गई है कि बुकिंग कराने के बाद किसी कारण उपभोक्ता के मोबाइल नंबर पर डीएससी नंबर नहीं आता तो उपभोक्ताओं को सिलिंडर दे दिया जाएगा। वहीं बड़ौत गैस एजेंसी के संचालक सब्बन ने कहा कि बुकिंग व ई-केवाईसी कराने के लिए उपभोक्ताओं की भीड़ रही। वेबसाइट पर लोड बढ़ने के कारण समस्या आ रही है। जल्द ही स्थित सामान्य होने की उम्मीद है।