बागपत। जिले के आठ गांव के लोगों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन का निर्माण पूरा हो गया है। निर्माण की जांच कराने के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति की जांच रिपोर्ट के बाद भवन स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किए जाएंगे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिले के आठ गांवों में उपस्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कराया गया है। एक भवन के निर्माण पर 30.40 लाख रुपये की धनराशि खर्च की गई है। भवन का निर्माण पूरा होने पर डीएम स्तर से पांच सदस्यीय टीम का गठन किया गया है। समिति निर्माण की जांच की रिपोर्ट डीएम को सौंपेगी। समिति की जांच रिपोर्ट मिलने के बाद भवन स्वास्थ्य विभाग को हैंडओवर किए जाएंगे। भवन हैंडओवर होने पर केंद्रों पर स्टाफ नियुक्त कर ग्रामीणों को गांव में ही बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इन गांवों में केंद्र के भवन निर्माण की चल रही जांच
जिले में गौरीपुर, लोहड्डा, बोपुरा, हजूराबाद गढ़ी, शेरपुर लुहारा, नांगल, मवीकलां और खिंदौड़ा में उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण पूरा हो गया है। जिला स्तर पर गठित समिति निर्माण कार्यों की जांच कर रही है।
जिले में आठ उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का निर्माण पूरा हो गया है। निर्माण की जांच कराने के लिए समिति का गठन किया गया है। समिति की रिपोर्ट के बाद भवन विभाग को हैंडओवर होने पर स्टाफ की नियुक्ति कर केंद्रों का संचालन शुरू कराया जाएगा। - डॉ. महावीर सिंह, सीएमओ