दुकानदारों ने लगाया अनियमितता का आरोप, पुलिसकर्मियों से नोकझोंक
पुलिस ने सख्ती कर नाले निर्माण का कार्य शुरू कराया
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर छपरौली चुंगी के नजदीक मंगलवार को नाले निर्माण के कार्य को लेकर हंगामा हो गया। दुकानदारों ने नाला निर्माण के लिए ली जा रही जगह में अनियमितता का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया। पुलिस के साथ भी लोगों की नोकझोंक हुई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती करते हुए कार्य शुरू करा दिया।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर छपरौली चुंगी पर मंगलवार को नाले की खुदाई का कार्य शुरू हुआ। इसी दौरान एक टायर शोरूम मालिक व अन्य दुकानदारों ने हाईवे पर बनाए जा रहे नाले की सीध में ही निर्माण कार्य करने की बात रखी। निर्माण में जुटे कर्मचारियों ने पुराने नाले के आधार पर नए नाले निर्माण की बात कही। इस पर उनकी कहासुनी हो गई। दुकानदारों ने हंगामा करते हुए नाले निर्माण का कार्य रुकवा दिया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों की बात सुनी। मगर, दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े रहे। पुलिस कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। बाद में पुलिस ने सख्ती कर नाले निर्माण का कार्य शुरू कराया। इस दौरान रालोद नेता मोहित मुखिया, यशवंत सिंह, प्रवीण, अनिल, सचिन आदि शामिल रहे।
इस संबंध में निर्माण कंपनी के जेई राजेश त्रिपाठी ने सर्वे के मुताबिक ही नाले का निर्माण कराने की बात कही। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि कार्य सुचारु करा दिया गया है।