बागपत। राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को विद्यालयों में ही कंप्यूटर का ज्ञान मिलेगा। जिले के पांच राजकीय विद्यालयों में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की ओर से कंप्यूटर लैब का निर्माण कराया जाएगा। लैब का निर्माण कराने के लिए विभाग ने टेंडर छोड़ दिया है। जल्द ही विद्यालयों में लैब का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
जिले के बागपत, जहानगढ़ दौझा, अंगदपुर, दाहा और तुगाना के राजकीय इंटर काॅलेजों में कंप्यूटर लैब का निर्माण कराया जाना है। प्रत्येक विद्यालय में 12.50 लाख रुपये से एक लैब का निर्माण कराया जाएगा। लैब निर्माण के लिए जिलाधिकारी स्तर से ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्माण कराने के निर्देश दिए थे। विभाग की ओर से लैब निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। लैब निर्माण के लिए टेंडर छोड़ा जा चुका है, अब जल्द ही विद्यालयों में निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। विद्यालयों में कंप्यूटर लैब का निर्माण होने पर छात्र-छात्राओं को विद्यालय में ही कंप्यूटर की शिक्षा मिलेगी। शिक्षा विभाग की ओर से अभियंत्रण विभाग को निर्माण की 50 प्रतिशत राशि भी जारी कर दी है।
पांच राजकीय विद्यालयों में 62.50 लाख रुपये से कंप्यूटर लैब का निर्माण कराया जाएगा। निर्माण कार्य की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को सौंपी गई है। लैब निर्माण के लिए विभाग की ओर से टेंडर छोड़ा जा चुका है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। - धमेंद्र कुमार सक्सेना, जिला विद्यालय निरीक्षक