रमाला(बागपत)। किरठल गांव का निजी नलकूप के बंटवारे के विवाद में राइफल तानने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई कर दी। इसमें पुलिस ने सहारनपुर में तैनात सिपाही की लाइसेंसी राइफल जब्त कर ली और मुकदमा दर्ज कर उसके दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को दी तहरीर में किरठल गांव के सुधीर कुमार ने बताया कि उसका छोटे भाई मनोज के साथ निजी नलकूप के बंटवारे का विवाद चल रहा है, जो यूपी पुलिस में सहारनपुर में तैनात है। इसके चलते वह पड़ोसी किसान के नलकूप से खेत में फसल की सिंचाई करता है। आठ दिसंबर को उसके बेटे आदित्य ने ब्रजवीर और मनोज के बेटे विशाल, वंश से बंटवारा होने तक नलकूप न चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और वंश अपने पिता मनोज की लाइसेंसी राइफल उठाकर ले आया और उसके बेटे पर तान दी। वहां मौजूद ग्रामीणों ने बीच बचाव कराते हुए वंश के हाथ से राइफल छीनी।
साथ ही नलकूप में हिस्सा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर ब्रजवीर, वंश और विशाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वंश और विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया। सिपाही की लाइसेंसी राइफल जब्त कर ली गई है।