बागपत के ईदरीशपुर गांव में ट्रैक्टर विवाद को लेकर पांच हथियार बंद लोगों ने एक मकान में घुसकर हमला बोला और लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से एक महिला समेत चार लोगों को घायल कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया । इनमें से दो की हालत गंभीर बताई है।
घायलों में बिल्लू पुत्र बसीरुद्दीन, नौशावा पत्नी बिल्लू, शरीफ पुत्र बसीरुद्दीन और कल्लू पुत्र अलताफ ईदरीशपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार बिल्लू का ट्रैक्टर गांव के ही इज्जा के घर में काफी समय से खड़ा था। सोमवार को जब वे ट्रैक्टर लेने गए तो उनकी कहासुनी हो गई। इसे लेकर इज्जा चार लोगों के साथ लाठी, सरियों और धारदार हथियारों के साथ बिल्लू के घर में घुसकर हमला बोल दिया।
वहां जो भी मिला उसे हमला कर घायल कर दिया। इस घटना से गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी है। सूचना पर पुलिस को गांव में देखकर हमलावर भाग निकले। पुलिस ने पांचों घायलों को नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। घायलों में कल्लू और शरीफ की हालत गंभीर हैं। इस संबंध में शरीफ ने पांच लोगों को नामजद कर तहरीर र्दी।