बागपत। केतीपुरा मोहल्ले में मामूली विवाद को लेकर शुक्रवार को दो पक्षों में पुलिस के सामने पथराव को गया। इसमें दोनाें ओर से पांच लोग घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कोतवाली पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए। देर रात तक थाने में किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी।
केतीपुरा मोहल्ला निवासी असलम ने बताया कि वह दोपहर में घर पर सो रहा था। इसी दौरान आधा दर्जन युवकों ने घर में घुसकर तोड़फ़ोड़ व पथराव कर दिया। बीच-बचाव को आए भतीजा उजैर के साथ भी मारपीट की। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी ओर अनस पुत्र सईद ने बताया कि वह ट्रैक्टर चालू कर रहा था। इसी दौरान 10-15 लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें परिवार की महिलाओं को भी चोट आई। घटना की जानकारी पाकर एसआई सुमन पुलिस फोर्स के साथ पहुंचीं। इस दौरान तब भी दोनों पक्षों की ओर से पथराव किया जा रहा था। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए पथराव कर रहे लोगों को खदेड़ा। दोनों ओर से मारपीट में घायल हुए लोगों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं, सीओ अनुज कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस के सामने पथराव की घटना गंभीर है। झगड़ा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।