सीएचसी में कुत्ते काटे जाने के इंजेक्शन नहीं लगाए जाने के विरोध में मरीजों ने जमकर हंगामा किया। इसके बाद, सीएचसी अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि उच्चाधिकारियों को सूचना कर दी गई है। बृहस्पतिवार को इंजेक्शन सभी को लगा दिए जाएंगे, तब लोग शांत हुए।
बुधवार की सुबह कुत्ते काटने के इंजेक्शन लगवाने के लिए लोगों ने अस्पताल की पर्ची भी बनवा ली। इंजेक्शन लगवाने के बारे में लोगों से कर्मचारियों ने कहा कि इंजेक्शन खत्म हो गया है। इस पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि वे दो रोज से अस्पताल के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें इंजेक्शन नहीं लगाए जा रहे हैं।
काफी देर तक सीएचसी पर हंगामे की स्थिति बनी रही। इस पर सीएचसी अधीक्षक मुकेश उपाध्याय ने सीएमओ से बात की। बाद में हंगामा कर रहे मरीजों को आश्वासन दिया कि बृहस्पतिवार को कुत्ते काटे जाने के इंजेक्शन आ जाएंगे। सभी को लगाए जाएंगे, तब लोग शांत हुए। प्रदर्शनकारियों ने मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी है। प्रदर्शनकारियों में अनिल, इमरान, मुकेश, बिजेंद्र, सोहनपाल, रोजूदीन, रामसिंह, विनोद आदि शामिल रहे।