कार्य बहिष्कार कर शुरू की हड़ताल, जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी
बड़ौत। संविदा समाप्त करने के विरोध में जिले भर के बिजलीघरों पर तैनात कर्मियों ने कोताना रोड स्थित एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। सोमवार से ही कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी। चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज कर दिया जाएगा।
निविदा संविदा कर्मचारी सेवा समिति के बैनर तले कान्हड, दोघट, बड़ौत, बामनौली, बिजरौल, जौनमाना, लुहारी, किरठल, मलकपुर, निरपुडा, छपरौली, रमाला, टांडा, तुगाना आदि बिजलीघरों पर तैनात संविदा कर्मियों ने एक्सईएन प्रथम कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। बताया कि संविदा पर तैनात करने वाली कंपनी रविवार से उनकी सेवाएं समाप्त कर रही है। यह गलत है। जब तक विभाग लिखित में वेतन और ईपीएफ की जानकारी नहीं दे देता, तब तक कोई भी कर्मी किसी भी डिविजन पर कार्य नहीं करेगा। उन्होंने 55 से 60 वर्ष से कम आयु के लाइनमैनों की सेवा समाप्त न करने की मांग की। उन्होंने जल्द मांग पूरी न होने पर आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी। इस अवसर पर कृष्ण, सलीम, धर्मेंद्र, धीरेंद्र कुमार, सुरेंद्र, सुभाष, नरेश, पीतम, विनय, राजीव, इमरान, शीलू आदि मौजूद रहे।
बिजली सप्लाई में हो रही दिक्कतें
बड़ौत। संविदा कर्मियों की हड़ताल से पहले ही दिन मलकपुर, बावली, जौनमाना, बिजरौल सहित कुछ गांवों में चार से पांच घंटे तार टूटने से सप्लाई बाधित रही। लोगों ने इसकी सूचना ऊर्जा निगम के अफसरों को दी। उन्होंने मौके पर एसडीओ व जेई को भेजकर किसी तरह सप्लाई सुचारु कराई।
संविदा पर कर्मी रखने वाली कंपनी के अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का हल कराने का प्रयास किया जा रहा है। - गोपाल सिंह, एक्सईएन प्रथम।