बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के लिए अधिग्रहीत जमीन का मुआवजा स्वीकृत होने के बाद भी प्रभावित किसानों के खातों में धनराशि नहीं पहुंचने से नाराज किसानों ने भाजपा सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, विधायक योगेश धामा और केपी मलिक के सामने हंगामा किया। नाराज किसानों ने एडीएम डीपी सिंह की गाड़ी रोक ली। सांसद ने किसानों को समझाया और जल्द से जल्द खातों में मुआवजा भिजवाने का आश्वासन दिया। सांसद और विधायकों ने कहा किसानों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
हाईवे पर स्थित लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, बागपत विधायक योगेश धामा और बड़ौत के भाजपा विधायक केपी मलिक से मिलने के लिए खेकड़ा क्षेत्र के 11 गांवों के किसान डॉ. वीपी शर्मा के साथ पहुंचे। किसानों ने कहा मुआवजा स्वीकृत होने के बाद भी प्रशासन की ढ़िलाई के चलते किसानों के खाते में नहीं पहुंच रहा है। भाजपा सांसद और विधायकों के पास खड़े एडीएम डीपी सिंह के सामने ही किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप-प्रत्यारोप लगाए।
किसानों ने भाजपा नेताओं के सामने ही एडीएम का घेराव कर मुआवजा मांगा। प्रशासन पर सुविधा शुल्क मांगने का आरोप लगाया। सांसद ने किसानों को बामुश्किल शांत कराया। एडीएम से मुआवजे को लेकर बातचीत की। किसानों को आश्वासन दिया डेढ़ माह में सभी का मुआवजा उनके खातों में पहुंच जाएगा। हंगामा करने वालों में धर्मपाल, ओमकार, मुखिया, टीकाराम, राममेहर, सुखबीर, सतपाल, बाबूराम, शोभाराम, सतीश आदि रहे।
एडीएम की गाड़ी के सामने अड़ गए किसान ः लोनिवि गेस्ट हाउस से एडीएम चलने लगे तो नाराज किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया। एडीएम की गाड़ी रोक ली और किसान सामने खड़े हो गए। सांसद ने मामला किसी तरह संभाला। एडीएम के साथ किसानों की नोकझोंक हुई। सांसद के आश्वासन के बाद किसान माने और इसके बाद ही एडीएम रवाना हुए।
जनपद में प्रभावित गांव
एक्सप्रेस-वे में काठा, मवी कलां, खेकड़ा, रावण उर्फ बड़ागांव, नंगला बहेड़ी, लहचौड़ा, गौना, सिंगौली तगा, शरफाबाद, आलमगीरपुर उर्फ टुकाली और फुलैरा शामिल हैं।