बागपत। जिला पंचायत सदस्यों के उत्पीड़न के विरोध में रालोद और सपा पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को डीएम से मिला। चेतावनी दी कि जिला पंचायत सदस्यों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए तो 17 जून को कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
रालोद व सपा नेताओं ने कहा कि उनके जिला पंचायत सदस्यों पर भाजपा के पक्ष में वोट करने के लिए अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। इसके लिए उनके खिलाफ उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है। वार्ड तीन से जिला पंचायत सदस्य महबूब अल्वी पर झूठी शिकायत के बाद मुकदमा दर्ज कर दिया गया। वार्ड-17 की जिला पंचायत सदस्य शाहिदा के बेटों पर झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया गया और मकान तोड़ने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो 17 जून को कलक्ट्रेट में धरना दिया जाएगा। वहीं, अधिकारियों का भी घेराव करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन, राष्ट्रीय सचिव सुखवीर सिंह गठीना, राष्ट्रीय सचिव डॉ. कुलदीप उज्ज्वल, जिलाध्यक्ष डॉ. जगपाल सिंह, सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, सपा नेता शौकेंद्र तोमर, धीरज उज्ज्वल, विश्वास चौधरी, पूर्व विधायक वीरपाल राठी, पूर्व विधायक गजेंद्र मुन्ना, अहमद हमीद, युवा जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर, सतेंद्र प्रमुख, गौरव बड़ौत, विकास प्रधान आदि मौजूद रहे।