सुबह कोहरे के कारण हाईवे पर धीमी रही वाहनों की रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। रविवार की रात में मौसम ठंडा रहा और सोमवार की दिन में धूप खिलने से पारा 23.1 डिग्री तक पहुंच गया। सुबह घना कोहरा होने के कारण बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। हाईवे पर वाहन रेंगते हुए नजर आए। धूप खिलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की और बाजारों में लोगों की आवाजाही बढ़ी।
जिले में रविवार रात का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री और सोमवार दिन का तापमान 23.1 डिग्री रिकार्ड किया गया। सोमवार सुबह घने कोहरे ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया। सर्दी से बचाव के लिए नगर के मुख्य मार्गो ंव स्थानों पर अलाव जलाए गए। बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही। धूप खिलने के बाद लोगों ने राहत महसूस की और बाजारों में रौनक आई। शाम के समय सर्दी बढ़ने से बाजार फिर से सूने हो गए। घने कोहरे में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे, मेरठ बागपत हाईवे पर वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही।
सिर को ढककर निकले घर से बाहर
बागपत। सीएचसी अधीक्षक डॉ विभाष राजपूत ने बताया कि सर्दी से बचाव के लिए घर से निकलते समय गर्म कपड़े पहनकर और सिर को ढककर निकले। सर्दी का एहसास होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लेनी चाहिए। सर्दी लगने पर लापरवाही से परेशानी बढ़ सकती है। उन्होंने सर्दी से बचाव के लिए गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने और मास्क का नियमित प्रयोग करने की सलाह दी है।