बागपत। मानसून दस्तक दे चुका है और शहर के नालों की सफाई शुरू नहीं हो पाई है। सफाई और निकासी न होने के कारण नालों से बदबू आती है। बरसात होने पर तो नाले का पानी सड़कों पर बहना शुरू हो जाता है। इससे लोगों को आवागमन में भी परेशानी होती है। बड़ौत रोड के नाले की स्थिति भी कुछ ऐसी ही है। सफाई न होने के कारण कॉलोनी के लोग परेशान हैं। उन्होंने पालिका से शीघ्र नाले की सफाई कराने की मांग की।
कॉलोनी के लोगों का जीना दुश्वार हुआ
बड़ौत रोड निवासी चमन चौहान का कहना है कि नाला गंदगी से अटा पड़ा है। सफाई न होने केे कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। गंदगी होने के कारण घर के अंदर भी बदबू आती रहती है। कॉलोनी के लोगों का जीना दुश्वार हो गया।
नियमित सफाई न होने से रहती है नाले में गंदगी
सुशील चौहान का कहना है कि पालिका साल में एक बार नाले की सफाई कराती है। एक बार सफाई होने के बाद नाले की ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। नियमित सफाई न होने के कारण नाले में गंदगी रहती है और संक्रामक रोग होने का खतरा बना रहता है।
समय समय पर नालों की सफाई कराए पालिका
संजीव शर्मा का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू हो गया है। नाले की सफाई और पानी की निकासी न होने के कारण नाले का गंदा पानी सड़कों पर भर जाता है। लोगों का रास्तों से निकलना मुश्किल हो जाता है। पालिका को लोगों की समस्या का समाधान कराने के लिए समय-समय पर नाले की सफाई करानी चाहिए।
जल्दी कराई जाएगी नालों की सफाई
ईओ ललित कुमार का कहना है कि बरसात होने के कारण बृहस्पतिवार से नालों की सफाई का कार्य शुरू नही हो पाया है। जल्दी ही नालों की सफाई कराई जाएगी।