- शहर के एक निजी स्कूल का मामला, जिला अस्पताल से रेफर किए गए छात्र को निजी अस्पताल में ले गए परिजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर के एक निजी स्कूल में शुक्रवार की सुबह 11वीं कक्षा के छात्र ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजनों ने निजी अस्पताल में छात्र का उपचार कराया।
शहर के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र के जहरीला पदार्थ निगलने के बाद शिक्षक और परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। छात्र के परिजनों ने बताया कि स्कूल में हर महीने होने वाली अभिभावक व शिक्षकों की बैठक को लेकर छात्र चिंतित था। इससे पहले एक बार शिक्षकों ने छात्र के पढ़ाई नहीं करने की शिकायत कर दी थी। अब फिर से होने वाली बैठक को लेकर छात्र तनाव में था। उधर, निजी अस्पताल में छात्र की हालत में सुधार होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। इस मामले में जिला अस्पताल के सीएमएस डाॅ. अनुराग वाष्र्णेय का कहना है कि छात्र की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया।