दोघट। कस्बे की पट्टी तिरोसिया में बुधवार रात शराब के नशे में कहासुनी होने पर अनुज कश्यप और सावन कश्यप पक्ष आपस में भिड़ गए। इनमें लाठी-डंडे, धारदार हथियार चले और पथराव हो गया। दोनों पक्षों में बवाल होने पर लोगों ने घरों में घुसकर जान बचाई। सूचना पर आए पुलिसकर्मियों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया तो उन पर भी पथराव कर दिया गया। बवाल में दोनों पक्षों के तीन महिलाओं समेत 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने 34 नामजद और 20 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर 18 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कस्बे की पट्टी तिरोसिया निवासी अनुज और सावन पक्ष में दस दिन पहले झगड़ा हो गया था, जिसे लोगों ने शांत करा दिया था। बुधवार रात अनुज फोटोग्राफर की दुकान से अपने घर जा रहा था। रास्ते में सावन के साथ पुराने झगड़े को लेकर कहासुनी हो गई। इसका पता चलने पर दोनों पक्षों के कई लोग वहां पहुंच गए, जिनमें कई शराब के नशे में थे। लोगों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन तभी उनमें लाठी-डंडे चलने लगे और पथराव हो गया। वहां काफी देर तक पथराव होता रहा।
इसकी सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी भी वहां पहुंच गए। इसके बाद भी पथराव बंद नहीं हुआ और उनकी तरफ भी पत्थर फेंके गए। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया। घायल हुए अनुज, शिवकुमार, विनोद, शोकेंद्र, मोनिका, अल्का, ओमवीर, दीपक, मोहित, किशनपाल, अनीता का पुलिस ने टीकरी सीएचसी में उपचार कराया।
इस मामले में टीकरी चौकी प्रभारी एसआई पुष्पराज बिश्नोई ने एक पक्ष के अनुज, मोनिका, राजीव, अल्का, राजेश, विनोद, शिवकुमार, सुरेंद्र, पप्पू, आशीष, हरेंद्र, अनिल, मांगेराम, सोनम, मंजू, शोकेंद्र, सीमा समेत पांच अज्ञात और दूसरे पक्ष के सावन, ओमवीर, दीपक, अनीता, किशनपाल, नंदी, शिवम, विक्की, अक्षय, मोनू, सोनू, सचिन, पवन, मोहित, अजय और मुकेश समेत दस अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।
एसपी पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के कई लोग शराब के नशे में थे, जिन्होंने झगड़ा शुरू किया। इसमें दोनों पक्षों के अनुज, राजीव, विनोद, शिवकुमार, सुरेंद्र, पप्पू, हरेंद्र, अनिल, मांगेराम, दूसरे पक्ष के ओमवीर, दीपक, किशनपाल, सावन, अक्षय, मोनू, मुकेश, मोहित और एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 17 आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह मेरठ भेजा गया।
-युवक और युवती के प्रेम विवाह के बाद शुरू हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार सितंबर माह में इनके परिवारों की युवती अंशुल और युवक गौरव घर से चले थे, जिन्होंने प्रेम विवाह कर लिया था। पुलिस ने दोनों को तलाश किया और बयान दर्ज कराने के बाद न्यायालय ने दोनों को बालिग होने के कारण साथ भेज दिया था। इसके बाद से दोनों पक्षों में तनातनी चल रही है और झगड़ा हो चुका है।