बागपत। कंडेरा गांव के रहने वाले सीआईएसएफ के एसआई की लाइसेंसी राइफल से बेटे ने हर्ष फायरिंग कर दी। जो फायरिंग की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने पर फंस गया। पुलिस ने लाइसेंसी राइफल जब्त कर फायरिंग करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
सोशल मीडिया पर राइफल से फायरिंग करते हुए युवक की वीडियो वायरल हो गई। वीडियो मिलने के बाद पुलिस ने जांच की तो वीडियो कंडेरा गांव का निकला। सीओ बड़ौत विजय चौधरी ने बताया कि जांच में पता चला कि फायरिंग वाली राइफल कंडेरा गांव के सीआईएसएफ के एसआई नीरज की है। जिसके बेटे विजय ने लाइसेंसी राइफल से फायरिंग कर दी थी। इसके बाद कंडेरा जिवानी मार्ग पर ईंट भट्ठे के पास से विजय निवासी कंडेरा को राइफल के साथ गिरफ्तार कर लिया। लाइसेंसी राइफल जब्त कर ली गई और आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।