- जिले में 23 स्वास्थ्य केंद्रों में लगाए गए आरोग्य मेलों में 803 मरीजों के पहुंचने पर उपचार किया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। मौसम के बदलाव के कारण बच्चे डायरिया की चपेट में आ रहे हैं। साथ ही लोगों को त्वचा, खांसी व जुकाम भी परेशान कर रहा है। चिकित्सकों ने उपचार करने के साथ ही खानपान व दिनचर्या बेहतर रखने की सलाह दी।
जिले में रविवार को 23 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। जहां 21 चिकित्सकों और 58 पैरा मेडिकल स्टाफ ने मरीजों की जांच कर दवाई दी। आरोग्य मेले में 803 मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई। इसमें 409 पुरूष, 268 महिला व 126 बच्चों की जांच हुई। बुखार के 33 मरीजों का उपचार हुआ। इसके अलावा कई दिन से बुखार होने पर 18 मरीजों की मलेरिया व पांच मरीजों की डेंगू की जांच कराई गई।
लीवर में परेशानी होने पर सात मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई। इसके अलावा पेट की बीमारी के 57 मरीजों ने पहुंचकर जांच कराई, इनमें बच्चे अधिक रहे। सांस रोग के 45, उच्च रक्तचाप के 38 मरीज पहुंचे। त्वचा रोग के 97 व शुगर के 99 मरीज पहुंचे। टीवी के चार संदिग्ध मरीज मिले। सीएमओ डाॅ. तीरथलाल ने बताया कि मरीजों को बीमारियों की जांच के बाद दवाई देने के साथ ही दिनचर्या व खानपान बेहतर करने की सलाह दी जा रही है।