कासिमपुर खेड़ी गांव में नलकूप की छत पर बच्चों के खेलते हुए टूटा पिलर
संवाद न्यूज एजेंसी
रमाला। कासिमपुर खेड़ी गांव के जंगल में नलकूप की छत पर खेल रहे दो भाई पिलर टूटने से नीचे गिर गए। पिलर के नीचे दबने से एक बच्चे की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को बड़ौत के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
कासिमपुर खेड़ी निवासी नगेंद्र ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ खेतों पर काम कर रहा था, जबकि उसके बेटे बंटी उर्फ निशांत (13) और सुशांत नलकूप की छत पर चढ़कर खेलने लगे। नलकूप से मोटर निकालने के लिए छत पर एक पिलर लगाया हुआ था। बच्चों के खेलते वक्त पिलर नीचे गिर गया। दोनों बच्चे इसके नीचे दब गए। पिलर के नीचे दबने से बंटी उर्फ निशांत की मौके पर ही मौत हो गई जबकि सुशांत गंभीर रूप से घायल हो गया। खेतों में काम कर रहे किसान व परिजनों ने पिलर हटाकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला। घायल सुशांत को बड़ौत के अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक बंटी कक्षा छह का छात्र था और किशनपुर बिराल के इंटर कॉलेज में पढ़ता था। बच्चे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।