बड़ौली गांव के पास हुई घटना, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम, पुलिस से नोकझोंक
घटना के बाद ट्रक छोड़कर भाग निकला चालक, पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बड़ौली गांव के पास बृहस्पतिवार की दोपहर एक ट्रक ने दूध लेकर आ रहे बच्चे को कुचल दिया। बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक भाग निकला। घटना के विरोध में ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे जाम कर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। डेढ़ घंटे तक हाईवे जाम होने से वाहनों की लंबी कतारें लग गई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को पकड़कर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
बड़ौली गांव निवासी नदीम का 12 वर्षीय पुत्र रिहान बृहस्पतिवार की दोपहर पड़ोस से दूध लेकर घर जा रहा था। इसी दौरान बागपत की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रक चालक ने उसे कुचल दिया और भाग निकला। रिहान की मौके पर ही मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने घटना के विरोध में हंगामा शुरू करते हुए हाईवे जाम कर दिया। इससे हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। सूचना पर इंस्पेक्टर अजय शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनकी ग्रामीणों के साथ नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटे बाद परिजन शांत हुए और जाम खोला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, बच्चे की मौत से परिजनों मेें कोहराम मच गया। महिलाओं व युवतियों का रोते हुए बुरा हाल हो रहा था।