बड़ौत (बागपत)। मां को बहकाकर धोखे से पुस्तैनी मकान को अपने नाम कराने वाले व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जबकि उसकी पत्नी फरार हो गई। आरोपी वर्तमान में मेरठ के शास्त्री नगर में रह रहा था। इस मामले की रिपोर्ट आरोपी के दो भाइयों ने दर्ज कराई थी।
एसएसआई बलराम सिंह ने बताया कि बड़ौत के पट्टी मेहर निवासी कैलाश चंद की मौत के बाद उनका मकान पत्नी राममूर्ति के नाम चढ़ गया था। कैलाश चंद के तीन सुरेश सिंघल, नरेश, रमेश है। सुरेश अपनी पत्नी मंजू के साथ शास्त्री नगर, मेरठ में किराए के मकान में रहने लगा था। आरोप है कि कुछ दिन पूर्व सुरेश ने मां को बहला-फुसलाकर उनका फर्जी आधार कार्ड तैयार कराकर बड़ौत तहसील में मकान का 1/3 हिस्सा अपने नाम और 2/3 हिस्सा पत्नी मंजू के नाम करा लिया। भाई नरेश व रमेश को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने एसपी से शिकायत की। एसपी ने सीओ बड़ौत से इस मामले की जांच कराई तो फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद भाइयों द्वारा दी गई शिकायत पर सुरेश सिंघल व उसकी पत्नी मंजू के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में दो फरवरी को मामला दर्ज किया गया। एसएसआई ने बताया कि सुरेश सिंघल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेजा दिया गया है जबकि उसकी पत्नी अभी फरार है। उसकी भी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है।