बागपत। छपरौली स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात कर्मचारियों की शिकायत पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजेंद्र मलिक के प्रशासनिक कार्यों का चार्ज शुक्रवार को सीएमओ ने डॉक्टर चंद्रेश को दे दिया है। उधर, कर्मचारियों ने इस मामले में सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया।
सीएचसी छपरौली पर तैनात कर्मचारी काफी समय से डॉक्टर अजेंद्र मलिक पर शोषण एवं उत्पीड़न करने का आरोप लगा रहे थे। शुक्रवार को कर्मचारियों ने चिकित्सक के खिलाफ सीएमओ कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। कहना था कि डाक्टर अजेंद्र मलिक स्वास्थ केंद्र पर तैनात कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार कर उनका उत्पीड़न कर रहे है। इससे कर्मचारी परेशान है। सीएमओ डाक्टर आरके टंडन ने कर्मचारियों को शीघ्र ही समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही जांच होने तक डाक्टर अजेंद्र मलिक के प्रशासनिक कार्यों का चार्ज डाक्टर चन्द्रेश गोयल को दे दिया है। धरना देने वालों में ओमवीर सिंह, दिनेश कुमार, मुकेश शर्मा, संजीव शर्मा, वीर प्रताप, उदयवीर मलिक, अजय शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।