पेट्रोल पंप मैनेजर को कोतवाली ले जाती पुलिस
- फोटो : BARAUT
बड़ौत (बागपत)। रालोद नेता धीरज उज्ज्वल के बिजरौल रोड स्थित पेट्रोल पंप के मैनेजर से सोमवार की सुबह करीब चार लाख रुपये लूटपाट की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ व कोतवाली प्रभारी मौके पर पहुंचे। जांच की तो लूट की सूचना फर्जी पाई गई। नोटों से भरा बैग पेट्रोल पंप की छत पर छिपाया गया था। पुलिस मैनेजर से पूछताछ कर रही है।
रालोद नेता धीरज उज्ज्वल का बिजरौल रोड स्थित एस्सार पेट्रोल पंप है। इस पर बिजरौल गांव आशीष पुत्र रणवीर सिंह मैनेजर है। सोमवार की सुबह उसने पुलिस को सूचना दी कि लौहड्डा राजवाहे पुल के पास दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाश उससे नोटों से भरा बैग छीन ले गए है। वह यह रुपये बड़ौत सिंडिकेट बैंक में जमा करने जा रहा था। इस सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ रामानंद कुशवाहा, कोतवाली प्रभारी आरके सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मैनेजर आशीष से मामले की जानकारी ली। शक होने पर मैनेजर से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया। बताया लूट का प्रयास हुआ है। उसने नोटों से भरा बैग पेट्रोल पंप की छत पर फेंका रखा है। पुलिस ने बैग बरामद कर लिया। इसमें चार लाख चार हजार पांच सौ रुपये थे। इसके बाद पुलिस ने बैग पेट्रोल पंप मालिक की सुपुर्दगी में दे दिया।
कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि मैनेजर को हिरासत में लिया गया है। झूठी सूचना देने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।