बड़ौत/बिनौली। नगर में गुराना रोड पर मिले कोरोना पॉजिटिव सब्जी आढ़ती से मिलने-जुलने वाले 30 और लोगों का स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को सैंपल लिया। इनमें बड़ौत के 22 और बिनौली क्षेत्र के दादरी गांव के आठ लोग शामिल है। सभी को 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन करते हुए एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।
बड़ौत नगर में एक के बाद एक कोरोना पॉजिटिव केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से अलर्ट है। बुधवार को जैसे ही सब्जी आढ़ती के कोरोना पॉजिटिव मिलने की सूचना स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई, वैसे ही टीम ने मौके पर पहुंच कर 20 लोगों के सैंपल लिए थे, जबकि 500 लोगों को होम क्वारंटीन किया था। बृहस्पतिवार को भी स्वास्थ्य विभाग की टीम कश्यप मोहल्ले में पहुंची और सब्जी आढ़ती से मिलने-जुलने वाले 22 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार का कहना था कि सब्जी आढ़ती से मिलने-जुलने वाले लोगों को ट्रेस का उनका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
उधर, बिनौली क्षेत्र के गांव दादरी में भी स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित सब्जी आढ़ती के संपर्क में आने वाले आठ लोगों के सैंपल लिए। सीएचसी अधीक्षक डॉ अतुल बंसल ने सभी लोगों को 14 दिन तक घरों के अंदर ही रहने की हिदायत दी। बताया कि इस संबंध में जिला सर्विलांस ऑफिसर डॉ गुलबीर के सहयोगी डॉ दिग्विजय को सूचना दे दी गई है, उनके अनुसार ही इन सभी लोगों को होम क्वारंटाइन किया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम अगले 14 दिनों तक उन सभी लोगों का ध्यान रखेगी। अगर किसी भी होम क्वारंटाइन व्यक्ति को खांसी, बुखार या नजला जैसी कोई परेशानी होती है तो उनका शीघ्र कोरोना टेस्ट कराया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ जुनेद, अजित धामा, संजय कुमार, अरुण कुमार, राजबाला और बबीता शामिल रहे।
सब्जी मंडी बंद, लोग परेशान
बड़ौत। सब्जी आढ़ती के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन ने सब्जी मंडी को बंद करने के निर्देश दिए थे। फिलहाल एक दिन के लिए मंडी को बंद किया गया था। शुक्रवार से मंडी दोबारा खुल जाएगी।
दादरी तक ऐसे जुड़ी चेन
बिनौली। थाना प्रभारी निरीक्षक बिनौली रवेंद्र सिंह ने बताया कि बड़ौत से दादरी गांव करीब 12 किलोमीटर पर है। दादरी गांव के होम क्वारंटीन किए गए सभी लोग बड़ौत में सब्जी आढ़ती के यहां कार्य करते थे। सब्जी आढ़ती कोरोना संक्रमित होने के बाद इन सभी लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने होम क्वारंटाइन किया गया है।
बिनौली तक संक्रमण की तलाश
बिनौली। दादरी गांव से बिनौली करीब दो किलोमीटर दूर है। बिनौली थाना प्रभारी निरीक्षक बिनौली रवेंद्र सिंह ने बताया कि दादरी में होम क्वारंटीन किए गए अधिकांश लोग बिनौली के बाजार में भी समान खरीदने आते है। ऐसे में उन सभी दुकानदारों को भी चिह्नित करने के लिए टीम को लगा दिया है।