- डीएम ने नवजात बच्चियों की माताओं को किया गया सम्मानित, बेबी किट और शॉल ओढ़ाया
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस पर जिला महिला चिकित्सालय में बच्चियों के जन्म पर खुशियां मनाई गई। डीएम शकुंतला गौतम ने बच्चियों की माताओं को उपहार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि घरों में बेटे और बेटियों में फर्क नहीं करना चाहिए।
बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के अंतर्गत कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम शकुंतला गौतम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने महिला अस्पताल में सात से 10 अक्तूबर तक जन्मीं 14 बेटियों की माताओं को शॉल ओढ़ाकर, बेबी किट बैग देकर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने कहा माता-पिता बेटियों में कोई भेदभाव न करें। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के प्रति भी बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक पूर्ण लाभ दिया जा रहा है। जनपद में 17 से 25 अक्तूबर तक बालिका महिला सुरक्षा सम्मान के प्रति आत्मा सुरक्षा अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, कुपोषण मिशन योजना, बालिका समृद्धि योजना बेटियों के लिए ही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर आरके टंडन, डॉ यशवीर सिंह और दीपांजलि मौजूद रहीं।