बड़ौत। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने शैक्षणिक सत्र 2022-23 के लिए 10वीं और 12वीं कक्षा का पाठ्यक्रम जारी कर दिया है। शिक्षकों के मुताबिक इस पाठ्यक्रम से यह बात स्पष्ट हो रही है कि नए सत्र में दो भागों में परीक्षाएं आयोजित नहीं होंगी। यानि जिस तरीके से पाठ्यक्रम जारी किया गया है, उससे एकल परीक्षा पद्धति की संभावना जताई जा रही है। शिक्षक और विद्यार्थी पाठ्यक्रम सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइटU से डाउनलोड कर सकते है।
जनपद में सीबीएसई के 57 स्कूल संचालित है। कोरोना महामारी के कारण दो साल से अधिक समय से इन स्कूलों में ऑनलाइन माध्यम से ही पढ़ाई कराई जा रही थी। बीते सत्र में विद्यार्थियों को बिना परीक्षा ही पास कर दिया था। सीबीएसई ने शैक्षणिक 2021-22 में 10वीं और 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं को दो टर्म में विभाजित किया था। सीबीएसई टर्म-1 की परीक्षा नवंबर-दिसंबर 2021 में आयोजित की गई थी जबकि टर्म-2 की परीक्षा अप्रैल-मई 2022 में आयोजित होगी। सीबीएसई की ओर से दोनों टर्म की परीक्षाओं को मिलाकर ही फाइनल परिणाम जारी किए जाएंगे।
इस तरह तैयार किया गए पाठयक्रम के सैंपल प्रश्नपत्र
सीबीएसई ने पाठ्यक्रम को प्री-कोविड स्तर पर ही रखा गया है। प्रयोगात्मक वाले विषयों जैसे फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी, जियोग्राफी, साइकोलॉजी का वार्षिक पेपर 100 अंकों का होगा, जिनमें थ्योरी प्रश्नपत्र 70 अंकों का और प्रयोगात्मक परीक्षा के 30 अंक शामिल किए जाएंगे। भाषाओं के पेपर 80 अंक के होंगे और आंतरिक मूल्यांकन के 20 अंक शामिल किए जाएंगे।
बोर्ड की ओर से वेबसाइट पर पाठ्यक्रम जारी किया है। पाठ्यक्रम के साथ ही सैंपल प्रश्नपत्र भी जारी किए हैं, जिससे स्पष्ट हो रहा है कि सीबीएसई की ओर से शैक्षणिक सत्र 2022-23 के अंत में वार्षिक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। कक्षाओं में भी बोर्ड की ओर जारी पाठ्यक्रम के अनुसार ही पढ़ाया जाएगा। - रचना जौहर, जिला कोआर्डिनेटर, सीबीएसई।