अमीनगर सराय(बागपत)। पुलिस ने सोमवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली में लदा करीब 200 क्विंटल गेहूं बिलौचपुरा मार्ग पर पकड़ा। गेहूं के बारे में ट्रैक्टर चालक संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। आशंका जताई जा रही है कि गेहूं सरकारी राशन का है और अवैध तरीके से खरीदकर ले जाया जा रहा था। पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है।
सिंघावली थाना प्रभारी रवि रत्न सिंह ने बताया कि दोपहर में गेहूं के सैकड़ों बोरे लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली हिसावदा की तरफ़ से ग्वालीखेड़ा की ओर जा रही थी। पुलिस को शिकायत मिली थी कि गेहूं सरकारी राशन का है। जिस पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ ली। चालक से पूछताछ की तो उसने बताया कि गेहूं किसानों से खरीदा गया है। उससे किसानों के नाम भी गलत बताए। वह बार-बार अपने बयान बदल रहा था। जिस पर पुलिस चालक को ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत थाने ले आई। सूचना मिलने पर आपूर्ति निरीक्षक सूर्यप्रकाश पाठक भी थाने पहुंच गए। उन्होंने बताया कि जांच की जा रही है कि गेहूं कहां से लाया गया है। अभी गेहूं की तौल भी कराई जाएगी। इसके बाद ही पता चलेगा कि गेहूं कितने क्विंटल है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।