बागपत। शहर के नौरोजपुर रोड पर कोर्ट में चल रहे केस में फैसला न करने पर बिजली मिस्त्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। परिजनों के मुताबिक रवि अपने भाई से हुई मारपीट के केस की पैरवी कर रहा था। आरोपी उस पर केस में फैसला करने का दबाव बना रहे है। उसके न मानने पर आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।
बागपत के देशराज मोहल्ला निवासी रवि को शहर के नौरोजपुर रोड पर शुक्रवार रात गोली मार दी थी। घायल अवस्था में पुलिस उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंची। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। रवि के पिता ईश्वर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि छह माह पूर्व उसके बेटे रोबिन के साथ मोहल्ले के ही विकास, प्रशांत उर्फ छोटे और शेखर ने मारपीट कर दी थी। यह केस कोर्ट में विचाराधीन है।
उनका बेटा रवि केस की पैरवी कर रहा था। आरोपी रवि पर केस में फैसला करने का दबाव बना रहे है। रवि इसके लिए तैयार नहीं हुआ था। इसलिए आरोपी रवि से रंजिश रखने लगे। शुक्रवार को घर पर मेहमान आए हुए थे।
रवि अपने दोस्त राजू के साथ बाइक पर सवार होकर शराब ठेके से बीयर लेने के लिए गया था। वहां से लौटते समय भट्ठे के पास आरोपियों ने गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। कोतवाल अरुण कुमार द्विवेदी का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
आरोपियों ने खुद को बचाने का किया प्रयास
बागपत। ईश्वर सिंह का कहना है कि घटनास्थल पर रवि की बाइक नहीं मिली है। आरोपियों ने खुद को बचाने के लिए बाइक लूट का ड्रामा किया है ताकि पुलिस समझे कि लूट के विरोध पर बदमाशों ने रवि को गोली मारी है।